बाबू मोशाय
लम्बा उँचा गौरवर्णीय बंगाली लड़का । पान की गिलौरी मुँह में दबाए जब बोलता तो इतनी जल्दी जल्दी बोलता कि आधी बात उसके मुँह में ही रह जाती ।
"चटर्जी भैया धीरे बोलिए न ! आपकी आधी बात तो मुझे समझ ही नहीं आई ।"मैं उनकी बात न समझ पाने पर अक्सर शिकायत करती । मेरी बात सुनकर फिस्स से हँस पड़ते । जब वह हँसते तो उसके गालों में गड्ढे पड़ जाते। उनकी गहरी काली आँखों पर नजर जाती तो यूँ लगता मानो वह भी खिलखिलाकर हँस रही हो.... सुंदर मोहक मनभावन हँसी ।
मेरी बात में शिकायत का लहजा पा वह अपनी बड़ी बड़ी आँखों से मेरी ओर देखते! अपने हाथों से होंठों पर उतर आई पान की लाली पर धीरे से हाथ फेरते । उनका दिल होता तो अपनी बात फिर से दोहराते नहीं तो हँस कर निकल जाते । पीछे वाला सोचता ही रह जाता कि बंदे ने बोला तो बोला क्या । उनकी बोलचाल में बंगाली शब्द बहुत होते जो हम दिल्ली वालों को भला कहाँ समझ आने वाले थे।
वह दिखने में मस्तमौला टाईप के व्यक्ति थे वह । जाने उनकी कौन सी क्वालिटी देखकर उन्हें नौकरी पर रखा गया था । न काम करते न किसी को करने देते । जब देखो मजमा लगा बैठ जाते और सबका हाथ देखने लगते ।
हाँ ! हाथ देखते हुए उनका खिलंदड़पन एकाएक दार्शनिक व्यक्तित्व में तब्दील हो जाता । उन्हें हस्त रेखाओं की भरपूर जानकारी थी । बड़ी गहराई से हाथों की रेखाएँ पढ़ा करते ।
उन्हें रत्नों की भी बेहद गहरी समझ थी और उनकी खूब पहचान भी थी । एक नजर देखते ही समझ जाते कौन सा रत्न असली है और कौन सा सिर्फ पत्थर!
एक बार मैंने भी उत्सुकतावश अपना हाथ दिखाया । मेरा हाथ देख उन्होंने जो जो भी बताया उसे सुनकर मैं खूब हँसी पर भविष्य में एक एक बात शत प्रतिशत सच साबित हुई । जब जब उनकी बात सच सिद्ध होती तब तब वह शिद्दत से याद आते । बीस तीस बरस आगे का भविष्य बातों ही बातों में बता देने वाला वह शख़्स पता नहीं आज कहाँ हैं ।
उनकी मीठी यादें मेरी जिन्दगी के खजाने का अनमोल हिस्सा है और उनसे अपनी शादी के लिये बंगाल से मँगाई एक बंगाली साड़ी भी जिसे आज भी सबसे ज्यादा खुश होकर पहनती हूँ मैं ।
अंजू खरबंदा
दिल्ली
वाह
ReplyDelete